
नई दिल्ली 23 नवंबर। पश्चिम बंगाल के टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने ऐलान किया है कि वे 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का शिलान्यास करेंगे। तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर के इस ऐलान के बाद से देश की राजनीति गरमा गई है। इसको लेकर भाजपा ने टीएमसी पर चुनावी लाभ के लिए सांप्रदायिक तनाव भडक़ाने का आरोप लगाया है। दरअसल, टीएमसी के विधायक हुमायूं कबीर 6 दिसंबर जिस दिन अयोध्या में मूल बाबरी मस्जिद का विध्वंस हुआ था। उसकी 33वीं बरसी पर मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखने की बात कही है। हुमायूं ने दावा किया कि बाबरी मस्जिद के निर्माण को तीन साल में पूरा कर लिया जाएगा। भाजपा प्रवक्ता यासर जिलानी ने टीएमसी विधायक की कड़ी आलोचना करते हुए चुनावी लाभ के लिए जानबूझकर सांप्रदायिक उकसावे का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टीएमसी नेता, खासकर विधायक हुमायूं कबीर नफरत की राजनीति के लिए जाने जाते हैं।
वह विशुद्ध रूप से तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। वह जानबूझकर बंगाल में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता यासर जिलानी ने कहा कि हुमायूं जानते हैं कि आगामी चुनावों में जनता टीएमसी को नकार देगी और वहां राजनीतिक परिवर्तन की लहर उठ रही है। इसी बेचैनी के कारण हुमायूं कबीर और वरिष्ठ टीएमसी नेता अपने वोट बैंक की रक्षा के लिए हर संभव तरीके से लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।





























