
कोरिया बैकुंठपुर। प्रेम नगर वन क्षेत्र से कोरिया में 11 हाथियों के दलों का प्रवेश कोरिया बिशनपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वन मंडलाधिकारी के निर्देश पर 24 घंटे निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो लगातार एलर्ट मोड पर तैनात है।
वन विभाग ने बताया कि हाथियों का दल जंगल से निकलकर आसपास के गांवों, खेतों तथा जल स्रोतों के पास देखा जा रहा है। इसी कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बेहद जरूरी है। विभागीय अधिकारी लगातार मुनादी, व्हाट्सऐप ग्रुप और गांवों में संदेश भेजकर लोगों को सावधान कर रहे हैं। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में हाथियों के विचरण क्षेत्र में न जाएं और न ही उन्हें निकट से देखने का प्रयास करें। हाथियों की उपस्थिति में शोर-शराबा करना या उन्हें भगाने की कोशिश करना अत्यंत खतरनाक हो सकता है। विभाग ने ग्रामीणों को अपने घरों और खेतों के आसपास आवश्यक रोशनी की व्यवस्था करने और रात में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह भी दी है। वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि हाथियों के कारण फसल या किसी अन्य प्रकार की क्षति होती है तो त्वरित सर्वेक्षण के बाद प्रभावित किसानों को नियम अनुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और जल्द से जल्द राहत दिलाई जाएगी। हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहा है तथा लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की किसी भी स्थिति को टाला जा सके और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।























