अल फलाह यूनिवर्सिटी में डॉ. शाहीन के करीबियों से कई घंटे पूछताछ

फरीदाबाद, २८ नवंबर ।
एनआईए की टीम रात को डॉ. शाहीन को लेकर अल फलाह यूनिवर्सिटी पहुंची। यूनिवर्सिटी में शाहीन के संपर्क में आने वाले सभी लोगों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। इसके बाद टीम शाहीन को खोरी जमालपुर गांव भी लेकर गई, जहां पर वह डॉक्टर मुजम्मिल से निकाह के बाद तीन बेडरूम वाले मकान में रही थी। यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर भूपेंद्र कौर से भी शाहीन के सामने पूछताछ हुई। करीब चार घंटे तक शाहीन को और भी कई जगह ले जाया गया। इसके बाद टीम शाहीन को वापस दिल्ली ले आई। शाहीन पर देश विरोधी गतिविधियों के मामले में शाहीन पर टेरर मॉड्यूल खड़ा करने का आरोप है।
दिल्ली के लाल किले के पास हुए आतंकी हमले के आरोपी आतंकी डॉ. मुजम्मिल ने धौज और फतेहपुर तगा के अलावा मुस्लिम बहुल खोरी जमालपुर में भी ठिकाना बनाया था। इसके लिए उसने पूर्व सरपंच जुंबा का मकान किराये पर लिया था। मुजम्मिल ने खुद को कश्मीरी सेब का व्यापारी बताया था, सरपंच से उसने कहा था कि उसको सेब रखने के लिए मकान की जरूरत है। पूर्व सरपंच जुंबा की मुलाकात मुजम्मिल से अल फलाह अस्पताल में हुई थी।
वह भतीजे के इलाज के लिए अस्पताल गया था। उसका भतीजा कैंसर से जूझ रहा था। इस दौरान मुजम्मिल ने जुंबा से संपर्क बढ़ाया। कश्मीर से सेब भंडारण के लिए नहीं आए तो जुंबा ने मुजम्मिल से पूछताछ की, इसके बाद उसने मकान खाली कर दिया था। कई बार मुजम्मिल अपने साथ शाहीन को भी इस मकान पर लेकर आया था। मुजम्मिल ने शाहीन से यूनिवर्सिटी परिसर स्थित मस्जिद में निकाह किया था।
शादी को सार्वजनिक रूप से दोनों ने उजागर नहीं किया, पर दोनों कार में घूमते थे, साथ लंच करते थे। पहले दोनों में प्रेम-संबंध की बात सामने आई थी, पूछताछ में पता चला है कि दोनों ने निकाह भी किया था।

RO No. 13467/10