
हल्द्वानी। दिल्ली में लाल किले के पास धमाका मामले की जांच के दौरान उत्तराखंड कनेक्शन सामने आया है। एनआइए ने मामले में शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित बिलाल मस्जिद के इमाम और एक इलेक्ट्रीशियन को हिरासत में लिया। इसी क्रम में शनिवार को नैनीताल की तल्लीताल मस्जिद के मौलवी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तीनों के मोबाइल व लैपटाप की जांच हुई। एनआइए, दिल्ली पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ ने पूछताछ के बाद शनिवार रात करीब 11 बजे तीनों को छोड़ दिया। एसएसपी मंजुनाथ टीसी का कहना है कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है। एनआइए की टीम ने कार्रवाई की है। जरूरत पड़ने पर पुलिस इन्हें फिर से पूछताछ के लिए बुला सकती है।






















