
नई दिल्ली 30 नवंबर। नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोनिया और राहुल के खिलाफ नई एफआईआर दर्ज हुई है। इसमें सोनिया और राहुल समेत 6 अन्य लोगों पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। इसके अलावा एफआईआर में 3 अन्य कंपनियों के नाम भी दर्ज किए गए हैं। नेशनल हेराल्ड केस की जांच खत्म करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इसकी रिपोर्ट दिल्ली पुलिस को सौंपी थी। दिल्ली पुलिस ने 3 अक्टूबर को यह एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में आरोप है कि कांग्रेस के स्वामित्व वाली संस्था एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड का धोखाधड़ी से अधिग्रहण किया गया था। इस कुल संपत्ति 2000 करोड़ रुपये थी। यंग इंडियन के माध्यम से यह अधिग्रहण संपन्न हुआ था और गांधी परिवार की इसमें 76 फीसदी हिस्सेदारी थी। दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई नई एफआईआर में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा समेत 3 अन्य लोगों का नाम भी शामिल है। इसके अलावा एजेएल, यंग इंडियन और डोटेक्स मर्चेंडाइज प्राइवेट लिमिटेड का नाम भी मौजूद हैं। तीनों कोलकाता आधारित फर्जी कंपनियां थीं। इनमें यंग इंडिया को 1 करोड़ रुपये देने और 50 लाख में एजेएल का अधिग्रहण करने का आरोप है। एजेएल की कुल संपत्ति 2000 करोड़ आंकी गई है। दिल्ली पुलिस एजेएल के शेयरधारकों को जल्द ही पूछताछ के लिए बुला सकती है।



























