
कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता उमेश का 80 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। लीवर कैंसर से जंग लड़ते हुए उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। रविवार को कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और कॉमेडियन एम एस उमेश का निधन हो गया। कुछ दिन पहले वह अपने घर में गिर गए थे। पैर में चोट लगी चोट का इलाज कराने के लिए अस्पताल में भर्ती हुए। सर्जरी के दौरान डॉक्टर्स को उनके लीवर कैंसर का पता चला। इसके बाद लीवर कैंसर का ट्रीटमेंट शुरू हुआ। लीवर कैंसर से जिंदगी की जंग लड़ते हुए रविवार को 80 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उमेश ने अपने एक्टिंग करियर में 350 से ज्यादा फिल्में की थीं। रजनीकांत के अलावा कई दिग्गज दक्षिण भारतीय अभिनेताओं संग बड़े पर्दे पर उमेश ने अभिनय किया था। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और एमपी एचडी कुमारस्वामी ने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर अभिनेता उमेश के निधन पर दुख जताया। वह लिखते हैं, ‘मशहूर कॉमेडियन श्री एम.एस. उमेश के निधन की खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। उमेश अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसी के समंदर में डुबो देते थे। वह एक ऐसे एक्टर थे जिन्होंने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाया।’ कन्नड़ अभिनेता की बेटी ने जानकारी साझा की है कि उमेश का अंतिम संस्कार रविवार को ही किया जाएगा। वह पिता के पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर लेकर जा रहे हैं। इसके बाद ही अधिक जानकारी देंगे।






















