
लखनऊ। मटियारी चौराहे स्थित अवस्थी स्वीट हाउस के बेसमेंट में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे परिसर में अफरा–तफरी मच गई। बेसमेंट में मौजूद कर्मचारियों ने जैसे-तैसे बाहर भागकर जान बचाई, जबकि धुएं के कारण कुछ समय तक अंदर फंसे दो लोगों को पुलिस और दमकल कर्मियों ने दीवार तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। भवन के ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग भी तेजी से बाहर निकल आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बेसमेंट से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा बेसमेंट घने धुएं से भर गया। आग की लपटें ऊपर की ओर बढ़ने लगीं, जिससे ऊपरी मंजिल पर रह रहे परिवारों में हड़कंप मच गया। लोग बच्चों को लेकर घरों से बाहर भागे। कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र दम घोंटने वाले धुएं से भर गया। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। चिनहट थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आग अवस्थी स्वीट्स के मालिक अवधेश अवस्थी के पूरे मकान और दुकान में फैल चुकी थी। बेसमेंट में दो लोग फंसे हुए थे। धुएं और आग के कारण कोई निकल नहीं पा रहा था। दमकल कर्मियों ने मकान की दीवार तोड़कर अंदर का रास्ता बनाया और दोनों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।



























