
कोरबा। अखिल विश्व गायत्री परिवार वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मानव में देवत्व का उदय एवं धरती पर रामराज्य का निर्माण’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शारदा विहार, कोरबा परिसर में मासांत को नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के साधक-साधिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा श्रद्धालु उपस्थित रहे। जिला समन्वयक राजकुमार देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि गायत्री यज्ञ भारतीय संस्कृति की जीवन शक्ति है। यज्ञ से मानव जीवन का परिष्कार, विचारों की पवित्रता तथा स्वस्थ-संस्कारी समाज निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने बताया कि महायज्ञ के दौरान विविध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं समाजहित के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यज्ञ के पुण्य एवं सकारात्मक ऊर्जा का लाभ लेने की अपील की।


















