
तिरुअनंतपुरम। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित रात्रिभोज में तिरुअनंतपुरम के कांग्रेस सांसद शशि थरूर की उपस्थिति ने उनके और पार्टी आलाकमान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को फिर से उजागर कर दिया है। हालांकि, इस सबके बावजूद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभी तक अपनी पार्टी से नाता तोड़ने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
मैं कांग्रेस पार्टी का सांसद हूं- थरूर
शनिवार को जब पत्रकारों ने थरूर से पूछा कि क्या वह निकट भविष्य में कोई ‘बड़ा कदम’ उठाने की सोच रहे हैं, तो उन्होंने कहा, ”मुझे नहीं पता कि यह क्यों पूछा जा रहा है। मेरा मतलब है कि मैं कांग्रेस पार्टी का सांसद हूं। मैंने निर्वाचित होने के लिए बहुत कष्ट उठाए हैं। कुछ और बनने के लिए काफी सोच-विचार और कई अन्य बातों पर विचार करना होगा।”
रात्रिभोज को लेकर बोले शशि थरूर
थरूर ने कहा कि मतदाताओं के लिए काम करना उनकी जिम्मेदारी है और वह लोगों के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ”रात्रिभोज से पहले हुई बातचीत में मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े कामों के संदर्भ में अपनी सरकार के कुछ अधिकारियों के साथ विमर्श कर रहा था। अपने लोगों, अपने मतदाताओं और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए काम करवाना जीवन का एक हिस्सा है। यही राजनीतिक जिम्मेदारी है।”
राहुल गांधी को भोज में आमंत्रित नहीं किया गया
थरूर ने राजकीय भोज के दौरान राष्ट्रपति भवन के माहौल को ”गर्मजोशी भरा” और ”आकर्षक” बताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि मैंने वहां उपस्थित कई लोगों विशेष रूप से रूसी प्रतिनिधिमंडल के मेरे साथियों के साथ बातचीत का आनंद लिया।






















