
कटड़ा। देशभर से मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अब देर रात कटड़ा पहुंचने पर सुबह यात्रा पंजीकरण केंद्र खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार करते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा पंजीकरण के लिए समय सारिणी में बदलाव किया है।
अब कटड़ा पहुंचने पर श्रद्धालुओं को 24 घंटे यात्रा पंजीकरण और आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त हो सकेगा।वर्तमान में श्रद्धालुओं को सभी यात्रा पंजीकरण केंद्रों पर सुबह चार बजे से रात्रि 10 बजे तक आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त होता है। इसके बाद ही श्रद्धालु यात्रा कर सकते हैं।
यात्री होते थ परेशान
देर रात को कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का यात्रा पंजीकरण केंद्र बंद होने से परेशानी होती थी। अब यात्रा पंजीकरण के समय सारणी में बदलाव से यह परेशानी दूर हो गई है। अब कटड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित यात्रा पंजीकरण केंद्र पर सुबह पांच बजे से देर रात 12 बजे तक आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त होगा। वहीं, मां वैष्णो देवी के प्रवेशद्वार दर्शनी ड्योढ़ी पर देर रात आनलाइन यात्रा पर्ची लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने ट्रेन टिकट बताने पर तत्काल आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त होगा। ऐसा इसलिए किया गया है कि आगे सर्दियों में ट्रेन लेट होने से यात्री देर से पहुंचते हैं और केंद्र बंद होने से उन्हें परेशानी होती है।






















