
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने देश की रक्षा आवश्यकताओं को गंभीरता से नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने संसद में स्वीकार किया था कि बजट की कमी के कारण वे जरूरी रक्षा उपकरण नहीं खरीद पा रहे थे। सीतारमण ने कहा, “कांग्रेस के शासन में सैनिकों के पास ऊंचाई वाले इलाकों में पहनने के लिए स्नो बूट तक नहीं थे।”
वित्त मंत्री ने क्या कहा?
उन्होंने 2013 की कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सेना के पास 17 दिन की तीव्र युद्ध क्षमता का भी पर्याप्त गोला-बारूद नहीं था और कुछ श्रेणियों में यह भंडार घटकर 10 दिन तक रह गया था।वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद रक्षा क्षेत्र को उच्च प्राथमिकता दी गई। अधिक गोला-बारूद खरीदा गया, एक्सपायर स्टाक बदला गया और सैनिकों के लिए बुलेट-प्रूफ जैकेट्स की खरीद सुनिश्चित की गई।



















