
एसईसीएल में कमीशन के चक्कर में घटिया निर्माण
कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोल्डफील्डस लिमिटेड की कोरबा क्षेत्रांतर्गत कालीबाड़ी से हेलीपेड की तरफ जाने वाली सुभाष ब्लाक रोड बदहाली की शिकार हो गई है। कुछ समय पहले ही इसका रेनोवेशन कराया गया था। गुणवत्ता की भारी कमी और अधिकारियों द्वारा कामकाज की निगरानी न करने का असर यह हुआ कि जहां-तहां से सडक़ टूटफूट का शिकार हो गई है।
सुभाष ब्लाक रोड में छोटे-बड़े गड्ढों की उपस्थिति के कारण आवागमन के मामले में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मौके पर राहगीर सहित छोटी गाडिय़ां यहां पर मुश्किल में पड़ी है और लोगों को लेने के देने पड़ गए। ये सभी मामले प्रबंधन के संज्ञान में लाए गए। सडक़ पर टाट के पैबंद वाले अंदाज में आंशिक सुधार कार्य कुछ दिन पहले कराया गया। लेकिन यह भी नकारा साबित हो गया। इन सब कारणों से यह सडक़ एक प्रकार के समस्याग्रस्त बनी हुई है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि एसईसीएल में कही भी इस तरह के काम होते हैं, उनमें मार्जिन का खेला काफी ज्यादा होता है। इसलिए समझौते की उम्मीद पर पूरा काम टिका होता है। इसलिए अधिकारी जानबूझकर कामकाज संचालन के दौरान निगरानी की जरूरत महसूस नहीं करते । हैरानी इस बात की भी है कि ऐसे कार्यों के बिल बड़ी आसानी से सिविल मेंटेनेंस विभाग पास कर देता है। अधिकारियों की इसी उदारता के चलते एसईसीएल क्षेत्र में घटिया निर्माण कार्यों को बढ़ावा मिल रहा है।


















