
एमसीबी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 ने प्रदेशभर के किसानों को नई उम्मीद, मजबूती और सम्मान का अहसास कराया है। इसी बदलाव की एक प्रेरक मिसाल बने हैं ग्राम सिंहपुर के किसान दुर्गा, जिनके अनुभव ने यह साबित कर दिया कि सुव्यवस्थित और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था वास्तव में किसानों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला रही है। दुर्गा इस वर्ष अपना धान बेचने के लिए खडग़वां उपार्जन केंद्र पहुँचे थे। उन्होंने कुल 100 क्विंटल धान की बिक्री की और पूरी प्रक्रिया को इतना सहज, तेज़ और विश्वसनीय पाया कि उनके चेहरे पर संतोष और धन्यवाद की चमक साफ दिखाई दी। वे बताते हैं कि इस बार की खरीदी व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक सुचारू रही टोकन ऐप, सटीक माप तौल, फोटो अपलोड डिजिटल सत्यापन और समयबद्ध संचालन ने पूरी प्रक्रिया को बिल्कुल पारदर्शी बना दिया। दुर्गा कहते हैं- इस बार न कोई परेशानी हुई, न समय की बर्बादी। उपार्जन केंद्र में बैठने, पानी और सहयोगी कर्मचारियों की व्यवस्था बहुत अच्छी रही। पूरी खरीदी सम्मानजनक तरीके से हुई। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को मजबूत बनाने के लिए लिए गए ऐतिहासिक निर्णय-प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य-ने उनके जैसे हजारों किसानों को आर्थिक सुरक्षा और स्थिरता प्रदान की है। सबसे महत्वपूर्ण बात, धान की भुगतान राशि सीधे बैंक खाते में मिलने से किसानों का भरोसा और भी मजबूत हुआ है।





















