विजय पांडेय ने भारतीयता का बताया वास्तविक अर्थ

जांजगीर। नगर के विश्रामगृह में छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे। मंच पर प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चांपा, थाना प्रभारी चांपा तथा क्षेत्र के नागरिक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।
पुलिस अधीक्षक ने ‘नागरिक सुरक्षा’ को समाज का सामूहिक दायित्व बताते हुए कहा कि ‘नागरिक’ शब्द भारतीयता की पहचान है, जो जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर एकता और सुरक्षा का संदेश देता है। उन्होंने सुरक्षा की व्यापक परिभाषा समझाते हुए कहा कि यह केवल शारीरिक संरक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि मानसिक और नैतिक सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। नशे, गलत संगत, मोबाइल के दुरुपयोग और नैतिक पतन से बचाव को उन्होंने आधुनिक सुरक्षा का अनिवार्य हिस्सा बताया। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने फाउंडेशन को नशा-पीडि़तों की काउंसलिंग की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले की लगभग 12 लाख आबादी की तुलना में पुलिस बल सीमित है, इसलिए प्रत्येक विवाद या समस्या में पुलिस का हर समय उपस्थित रह पाना संभव नहीं।
ऐसे में फाउंडेशन पुलिस और नागरिकों के बीच एक मजबूत सेतु की भूमिका निभा सकता है। उन्होंने संगठन के सदस्यों से घरेलू एवं सामाजिक विवादों में संवेदनशील समन्वयक के रूप में कार्य करने की अपील की। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. धनेश्वरी जागृति, शिवेंद्र प्रताप सिंह, गोपाल मित्तल, संगीता पांडेय, अन्नपूर्णा सोनी, अर्चना देवांगन, कल्याणी केसरवानी, विद्या राठौर, गौरव तिवारी, प्रदीप यादव, अमरजीत सिंह सलूजा, दीपक गुप्ता और महावीर सोनी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। सप्ताह में एक-दो घंटे करें समाजसेवा: एसपी पांडेय कार्यक्रम में ‘समय बैंक’ की अनूठी सामाजिक अवधारणा भी केंद्र में रही। पुलिस अधीक्षक पांडेय ने बताया कि यदि हर नागरिक सप्ताह में एक-दो घंटे समाजसेवा—जैसे स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, ट्रैफिक जागरूकता, पौधारोपण या पीडि़त सहायता—में लगाए, तो यह समय समय बैंक में जमा माना जाएगा। जरूरत पडऩे पर यही समय उसके लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने इसे सामाजिक पूंजी का निवेश बताते हुए सभी नागरिकों से हर रविवार श्रमदान में शामिल होने का आग्रह किया।

RO No. 13467/10