
कोरबा। ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय और श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘बच्चे रहें स्वस्थ’ योजना अंतर्गत पुष्य नक्षत्र पर आयुर्वेदिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम – स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार का आयोजन निहारिका स्थित महानदी कॉम्प्लेक्स में किया गया। कार्यक्रम में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा द्वारा सैकड़ों बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया, जिससे लाभान्वित अभिभावकों ने सकारात्मक परिणाम साझा किए।
इसी क्रम में 6 वर्षीय मोहित देवांगन के पिता धर्मवीर देवांगन ने बताया कि पहले मोहित तुतलाता था और उसकी उच्चारण क्षमता स्पष्ट नहीं थी। डॉ. शर्मा की सलाह पर पुष्य नक्षत्र में स्वर्ण बिन्दु प्राशन कराने के बाद न सिर्फ उसका तुतलाना दूर हुआ, बल्कि उच्चारण भी स्पष्ट हुआ और पढ़ाई में उसका ध्यान बढ़ा। उन्होंने संस्थान की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा और डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभिभावकों से भी अपने बच्चों को यह संस्कार कराने की अपील की।
डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार आयुर्वेद के 16 मुख्य संस्कारों में से एक है। काश्यप संहिता और सुश्रुत संहिता में वर्णित यह परंपरागत प्रतिरक्षण पद्धति अब विलुप्तप्राय हो चुकी है, जिसे पुनर्जीवित करने का प्रयास संस्थान द्वारा किया जा रहा है ताकि स्वस्थ और निरोगी समाज का निर्माण हो सके। कार्यक्रम में श्रीमती प्रतिभा शर्मा, चितरंजन गुप्ता, नेत्रनंदन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम सारथी, राकेश इस्पात, सिमरन जायसवाल, दीपमाला राठिया और हर्ष नारायण शर्मा की विशेष उपस्थिति एवं सहयोग रहा।

















