
नई दिल्ली। दिसंबर का महीना लगते ही देश के ज्यादातर हिस्से शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। ठंड तेजी से पैर पसार रही है। कई राज्यों में आज भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान सहित लगभग 15 राज्यों के लिए गंभीर ठंड और घने कोहरे का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कड़ाके की ठंड से लोग बेहाल हैं। कश्मीर में कई स्थानों पर तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है तो हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है और कई जगह सामान्य से नीचे पहुंच गया है। जनजातीय जिलों लाहुल स्पीति और किन्नौर में तापमान शून्य से काफी नीचे जाने से प्राकृतिक जल स्त्रोत जम गए हैं।
कश्मीर में गुरुवार सुबह कई हिस्सों में हल्की धुंध छाई रही। सबसे कम तापमान जोजि ला दर्रे पर दर्ज किया, जहां तापमान -18.0 डिग्री रिकॉर्ड किया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा। जम्मू संभाग में भद्रवाह में सबसे कम 1.4 न्यूनतम तापमान रहा।
कश्मीर में पेड़ों पर बर्फ की परतें जम गई
कश्मीर और लद्दाख के ऊपरी इलाकों में पेड़ों पर बर्फ की परतें जम गई हैं। पानी के स्त्रोत भी आंशिक रूप से जम गए हैं। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की कमी आई है।






















