नालंदा में एसटीएफ की कार्रवाई, हथियार तस्करी का पर्दाफाश एके-47 के कारतूस और चाइना मेड पिस्टल के साथ पांच गिरफ्तार

नालंदा। बिहार में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लहेरी थाना क्षेत्र के सोहन कुआं मोहल्ले में संयुक्त छापेमारी कर पुलिस ने हथियार तस्करी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें झारखंड के पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के तीन सगे भाई भी शामिल हैं। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार, गोला-बारूद और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मेड इन चाइना लिखी पांच पिस्टल,एके-47 के 153 जिंदा कारतूस, छह मैगजीन और एक स्कॉर्पियो जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बारादरी निवासी परवेज, मुंगेर निवासी सौरभ झा तथा झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जीआरजई, महबूब और जाहिद हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार झारखंड के तीनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं और आपराधिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि सोहन कुआं मोहल्ले में स्थित त्रिभूवन प्रसाद के मकान के एक फ्लैट में हथियारों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया था कि झारखंड से कुछ तस्कर हथियार लेने आने वाले हैं। इसके बाद एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से पूरी रणनीति के साथ छापेमारी की और फ्लैट में मौजूद सभी पांचों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

RO No. 13467/11