
नईदिल्ली, २१ दिसम्बर ।
घने कोहरे और बढ़ते प्रदूषण ने रेल यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के विलंब और रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्द मौसम में घंटों तक प्लेटफार्म पर इंतजार करना यात्रियों के लिए मुश्किल भरा साबित हो रहा है। कोहरे में दृश्यता कम होने से कई ट्रेनें घंटों की देरी से स्टेशन पहुंच रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द भी करना पड़ा है। इससे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई है और यात्रियों की प्रतीक्षा अवधि लंबी हो गई है। समय पर सूचना न मिलने से यात्रियों में नाराजगी भी देखी जा रही है।प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कई यात्री कंबल ओढक़र प्लेटफार्म पर ही लेटे नजर आए, जबकि कुछ यात्रियों के पास ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन भी नहीं थे। प्रतीक्षा कक्षों के बाहर भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।परिवार के साथ बनारस जा रहा हूं। ट्रेन के देर होने के कारण यहां जमीन पर परिवार के साथ सो रहा हूं। कंबल हल्का है ठंड भी लग रही है। उम्मीद नहीं थी कि ट्रेन देरी से आएगी। अब लग रहा है कि रात कहीं यहीं न गुजारनी पड़ जाए।-आकाशशनिवार को दिल्ली आने वाली 70 से अधिक ट्रेनें दो घंटे से ज्यादा की देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबी दूरी की राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, दुरंतो और हमसफर जैसी प्रमुख ट्रेनें भी समय पर नहीं चल सकीं।रेलवे सूत्रों के अनुसार नई दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस ढाई घंटे, नई दिल्ली-कालका शताब्दी दो घंटे और नई दिल्ली-राजेंद्र नगर राजधानी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से पहुंची। वहीं नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस साढ़े छह घंटे और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे लेट रही।नई दिल्ली-कोलकाता राजधानी पौने चार घंटे, नई दिल्ली-सियालदह राजधानी सवा चार घंटे और नई दिल्ली-जम्मूतवी राजधानी सवा दो घंटे विलंब से चली। हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, हजरत निजामुद्दीन-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल राजधानी पौने दो घंटे और हजरत निजामुद्दीन-चेन्नई दुरंतो पौने चार घंटे देरी से रवाना हुई। आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली जयनगर गरीब रथ सवा चार घंटे, भागलपुर विक्रमशिला सवा दो घंटे और गया गरीब रथ दो घंटे लेट रही। इसके अलावा नई दिल्ली-दरभंगा सप्त क्रांति एक्सप्रेस पौने तीन घंटे, नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत दो घंटे और नई दिल्ली-दरभंगा हमसफर विशेष पांच घंटे विलंब से चली।























