6800 से अधिक किसानों से 3.51 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी

कोरिया बैकुंठपुर। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी का कार्य सुव्यवस्थित एवं चौकस व्यवस्था के साथ जारी है। 15 नवंबर से 19 दिसंबर 2025 तक जिले के 6 हजार 892 किसानों से कुल 3 लाख 51 हजार 366 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।
धान खरीदी के एवज में किसानों को 83 करोड़ 23 लाख 86 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है, जिससे अन्नदाताओं में संतोष और उत्साह का माहौल है। वहीं, कृषकों को वितरित ऋण के विरुद्ध 16 करोड़ 16 लाख 21 हजार 163 रुपये की वसूली भी की गई है। जिले के 21 उपार्जन केंद्रों में प्रशासन द्वारा पूरी चौकचौबंद व्यवस्था के साथ धान खरीदी की जा रही है। किसानों की सुविधा, सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन किसानों के रखवार की भूमिका निभाते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। किसानों द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धान खरीदी नीति की सराहना की जा रही है। शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा में तथा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी द्वारा धान खरीदी के संबंध में विभागीय व नोडल अधिकारियों से नियमित समीक्षा कर रही हैं और दिशा निर्देश दे रही है। इसके अलावा धान उपार्जन केंद्रों में किसानों को कोई परेशानी न हो इस पर लगातार नजर रखी हुई है, जहां किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या मिलने पर त्वरित निराकरण के निर्देश मातहत को दिए जा रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य किसानों को समय पर भुगतान, सुचारु व्यवस्था और विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि जिले में धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सफलता के साथ संपन्न हो सके।

RO No. 13467/11