
जांजगीर-चांपा। आध्यात्मिक चेतना, शील और संस्कार के प्रसार के उद्देश्य से समर्थगुरु धारा के तत्वावधान में आज से तीन दिवसीय सत्संग एवं सिद्धार्थ ध्यान योग शिविर का भव्य आयोजन एस.डी.पैलेस जांजगीर में किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में पहली बार समर्थगुरु धारा के चार तल के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है, जिसे लेकर साधकों एवं आध्यात्मिक जिज्ञासुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।शाम 6 बजे विश्व ध्यान दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है ।
आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व सितंबर माह में दो तल तक के ध्यान शिविर का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिसमें बड़ी संख्या में साधकों ने सहभागिता की थी। उस आयोजन को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद अब इस आध्यात्मिक श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ की धरती पर यह विशेष आयोजन किया जा रहा है।
6 दिवसीय इस आयोजन में रविवार को ‘शील और संस्कार – जीवन का आधार’ विषय पर सत्संग, ध्यान एवं प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किए जाएंगे। बच्चों को कैसे शीलवान और संस्कारित कर सनातन धर्म के मुख्य संदेशों से अवगत करवाया जाए एवं साधकों को आत्म-जागरूकता, मानसिक शांति तथा जीवन में संतुलन स्थापित करने की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस आयोजन के लिए अब तक शताधिक लोगों ने अपना पंजीयन करा लिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी साधकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिससे आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम में केंद्रीय आश्रम मुरथल से पधारे मुख्य आचार्य आचार्य कुलदीप जी एवं आचार्य माँ संजिला के सान्निध्य में साधकों को ध्यान,साधना,समाधि के गूढ़ विधियों से परिचित कराया जाएगा। सत्संग एवं प्रश्नोत्तर के माध्यम से जीवन को सहज, सरल और आनंदमय बनाने के सूत्र साझा किए जाएंगे। इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन के आयोजक आचार्य डॉ. कैलाश राय सिंह, समर्थगुरु साधना केंद्र चाम्पा एवं उनके सहयोगी साधकों की टीम कर रही है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस आध्यात्मिक अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
























