ज्ञानोदय में ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रतियोगिता आयोजित

जांजगीर चांपा। ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश यादव जी के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने घरों से एकत्रित बेकार वस्तुओं जैसे—खाली बोतलें, पुराने अख़बार, गत्ते के डिब्बे, प्लास्टिक सामग्री आदि का उपयोग कर आकर्षक व रचनात्मक मॉडल तैयार किए। विद्यार्थियों ने तरह-तरह की उपयोगी और सुंदर वस्तुएँ बनाईं, जिनमें घर, स्कूल, पेड़-पौधे, स्मार्ट सिटी एवं सजावटी वस्तुएँ प्रमुख रहीं।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच विकसित करना, कचरे के पुन: उपयोग का महत्व समझाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। निर्णायक मंडल द्वारा मॉडलों का मूल्यांकन रचनात्मकता, उपयोगिता एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेश यादव जी ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रचनात्मक गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर किया गया, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का पूर्ण सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता रही।

RO No. 13467/11