सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का हुआ आयोजन

जांजगीर-चांपा। सुशासन सप्ताह के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया गया। जिले में 19 से 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सरकारी कामकाज को लोगों के लिए अधिक आसान और पारदर्शी बनाना है। जिले में आयोजित सुशासन सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध सेवाएं प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करें।
कलेक्टर ने कहा कि कार्यालयों में आने वाले आवेदकों की बात गंभीरता से सुनी जाए, उनकी समस्याओं को समझते हुए नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं, बल्कि जन विश्वास को मजबूत करना है। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करें, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक समय पर पहुँच सके।कार्यशाला में विभिन्न विभाग के अधिकारियों द्वारा किये गये नवाचारों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में ईडीएम श्री सुनिल साहू ने बताया कि कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के विशेष पहल पर जिले में ई-गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जांजगीर चांपा निर्माण मॉनिटरिंग पोर्टल कि रूप में जिला प्रशासन द्वारा नवाचार की शुरुआत की गई है। यह पोर्टल न केवल प्रशासनिक कार्यों को आसान बनाएगा, बल्कि आम जनता को भी सीधे विकास कार्यों से जोड़ेगा।

RO No. 13467/10