पुणे में अजित और शरद पवार मिला सकते हैं हाथ ठाकरे बंधुओं के गठबंधन से कांग्रेस भी सहमत

मुंबई। महाराष्ट्र में निकाय चुनाव में सभी राजनीतिक पार्टियों ने गठबंधन के लिए अपने विकल्प खुले रखे हैं। सत्ताधारी महायुति गठबंधन का हिस्सा अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी पार्टी, पुणे के निकाय चुनाव में शरद पवार की पार्टी एनसीपी एसपी के साथ गठबंधन कर सकती है। शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने भी इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि अजित पवार ने अभी तक विचारधारा नहीं छोड़ी है। दोनों पार्टियों के साथ आने की खबरों पर जब एनसीपी एसपी नेता सुप्रिया सुले से बात की गई तो उन्होंने कहा, बेशक, दोनों पार्टियां गठबंधन पर विचार कर रही है। अजित पवार बार-बार कहते रहे हैं कि उन्होंने अभी तक विचरारधारा नहीं छोड़ी है। ठाणे में भी एनसीपी अकेले दम पर चुनाव लड़ सकती है। एनसीपी का कहना है कि ठाणे में महायुति के घटक दलों ने अभी तक उन्हें बातचीत के लिए आमंत्रित नहीं किया है। एनसीपी प्रवक्ता आनंद परांजपे ने दावा किया है कि भाजपा और शिवसेना ने ठाणे में सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू कर दी है लेकिन एनसीपी को बातचीत के लिए नहीं बुलाया गया है। हालांकि एनसीपी का ये भी कहना है कि अगर उन्हें सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए बुलाया जाता है तो वे उसके लिए तैयार हैं। महाराष्ट्र के बीएमसी समेत 29 नगर निकाय में चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया शुरू भी हो गई है।

RO No. 13467/11