
सक्ती। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महन्त ने विधानसभा क्षेत्र सक्ती में विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ 13 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। ये सभी कार्य विधायक निधि से मंजूर किए गए हैं, जिनमें मुक्तिधाम, छतदार चबूतरा, मंगल भवन, प्रतीक्षालय सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शामिल हैं।कलेक्टर कार्यालय में विधायक प्रतिनिधि गिरधर जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. चरण दास महन्त द्वारा इस आशय का स्वीकृति पत्र कलेक्टर सक्ती को प्रेषित किया गया है। स्वीकृत राशि में विकासखंड सक्ती के लिए 88 लाख रुपये तथा बम्हनीडीह और बलौदा ब्लॉक के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सक्ती में आने वाले ग्रामों के लिए 25 लाख रुपये शामिल हैं। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सक्ती के विभिन्न गांवों में निर्माण कार्य किए जाएंगे। इनमें मोहगांव, हरेठी, नवापारा खुर्द, बैलचुआ, ऋषभतीर्थ, रगजा, सालिहा, भाटा, अमलडीहा, जाजंग, पलाडीखुर्द, घुईचुआ, गडग़ोड़ी और बेल्हाड़ीह में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय निर्माण शामिल है।
इसके अलावा सोंठी, मरकामगोडी, आमापाली, बरपाली कला, नवापारा कला और लहंगा में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय स्वीकृत किया गया है। ग्राम सकरेली, सोंठी, असोंदा, रगजा और सकरेली बी में छतदार चबूतरा निर्माण को मंजूरी दी गई है। वहीं गिधौरी में मंगल भवन, सारागांव में भवन निर्माण, आत्मानंद स्कूल में शौचालय निर्माण तथा चोरिया में मुक्तिधाम का कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके साथ ही माहौदा एवं झरना में छतदार चबूतरा निर्माण भी प्रस्तावित है। बताया गया कि ये सभी निर्माण कार्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर स्वीकृत किए गए हैं।

















