
धर्मशाला। हिमाचल में बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट पर दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के चलते एक टैंडम पैराग्लाइडर नीचे गिर गया. इस हादसे में अनुभवी पायलट की जान चली गई, जबकि एक पर्यटक घायल हो गया है। एजेंसी के मुताबिक, हादसा कांगड़ा के बीड़-बिलिंग क्षेत्र में उस वक्त हुआ, जब टैंडम पैराग्लाइडर ने बिलिंग लॉन्च साइट से उड़ान भरी थी। तकनीकी खराबी आने के बाद हवा में बैलेंस नहीं बना, जिसके बाद पैराग्लाइडर नीचे गिरा। मृतक पायलट की पहचान मोहन सिंह के रूप में हुई है, जो मंडी जिले के बरोट क्षेत्र का रहने वाला था और एक अनुभवी पैराग्लाइडिंग पायलट था। हादसे के बाद स्थानीय लोग और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और पायलट व टूरिस्ट दोनों को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, पायलट मोहन सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, टूरिस्ट को भर्ती कराया गया है।


















