
नई दिल्ली 30 दिसम्बर। नए साल के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। 31 दिसंबर को शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यहां केवल वैध पास वाले वाहनों को ही कुछ निश्चित क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति दी गई है। नई साल के मौके पर लोगों को परेशानी न हो, इसीलिए नए साल का जश्न समाप्त होने तक यातायात में बदलाव और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। इसके अलावा कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड, पटेल चौक आदि स्थानों से आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। गोल डाक खाना, कालीबाड़ी मार्ग, पंत मार्ग, कॉपरनिकस मार्ग, मिंटो रोड और विंडसर प्लेस जैसे स्थानों पर पार्किंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होगी।

















