
नई दिल्ली। मई, 2020 में गलवन घाटी में चीनी सेना से शूरवीर भारतीय सैनिकों की भिड़ंत पर अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बैटल आफ गलवन’ के टीजर पर चीनी मीडिया ने कड़ा एतराज जताया है। इसके जवाब में फिल्म के 1.12 मिनट टीजर पर भारत सरकार के सूत्रों का कहना है कि यह कलात्मक अभिव्यक्ति है। बड़े बजट की इस हिंदी फिल्म को चीनी सरकार के मुख्य पत्र ग्लोबल टाइम्स की आलोचना का सामना करना पड़ा है। चीनी अखबार का कहना है कि फिल्म में चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया गया है और तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।
इस फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लखिया ने किया है, जिसमें सलमान ने बिक्कुमल्ला संतोष बाबू की भूमिका निभाई है, जिन्होंने 2020 की लड़ाई में भारतीय क्षेत्र की रक्षा करते हुए 16 बिहार रेजिमेंट के 19 अन्य सैनिकों के साथ अपने प्राणों की आहुति दी। उन्हें मरणोपरांत भारत के दूसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित किया गया।


















