
अकलतरा। ग्राम पंचायत बनाहिल में हैंडपंप और बोर सूखने से पेयजल संकट गहराने पर सरपंच और ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सुमित बघेल को ज्ञापन सौंपा। सरपंच अजय कुमार कैवर्त ने बताया कि हैंडपंप और बोर सूखने से ग्रामीणों को सर्दी के मौसम में भी पीने के पानी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। कई स्थानों पर स्थापित हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। पानी नहीं मिलने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम की बर्बादी हो रही है।
नल जल योजना के तहत कई वार्डों में पाइपलाइन नहीं बिछी और पानी टंकी से आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिला। कुछ लोगों द्वारा भूमिगत जल स्रोत का अवैध उपयोग करने से समस्या और बढ़ गई है। जल संकट के चलते ग्रामीणों में असंतोष बढ़ रहा है और यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो स्थिति विकट हो सकती है। पिछले वर्ष भी पेयजल संकट पर ग्रामीणों ने मुख्य सडक़ पर चक्का जाम और धरना प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की मांग है कि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत की जाए और नए हैंडपंप लगाए जाएं। एसडीएम ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को हैंडपंपों की मरम्मत और पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

















