खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाने हेतु ड्रेस वितरण

कोरिया बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में खेल भावना और प्रोत्साहन का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष अशोक जयसवाल ने राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने भाटापारा, रायपुर रवाना हो रहे कोरिया जिले के कबड्डी खिलाडिय़ों को खेल किट एवं ड्रेस प्रदान की। इस दौरान उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल प्रतिभा का परिचय देता है, बल्कि अनुशासन, एकता और सम्मान की सीख भी देता है। उन्होंने खिलाडिय़ों से अपेक्षा जताई कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कोरिया जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
ड्रेस वितरण के बाद खिलाडिय़ों की टीम को औपचारिक रूप से रवाना किया गया। इस दौरान खिलाडिय़ों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार स्पष्ट रूप से देखा गया। कोरिया क्लब की टीम में शामिल खिलाड़ी—विनय, शिवम सिंह, गुलजार, प्रकाश, रविकेश, रवि कुमार, समीर शेख, सतीश कुमार, सुमेश सिंह, आनंद, सूरज, मनी, लाल बाबू, पवन, रामकुमार, सतीश, सागर, राकेश, सोन साए, आकाश और जितेंद्र सहित अनेक खिलाड़ी उपस्थित रहे। खिलाडिय़ों ने भी अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान और प्रोत्साहन उनके लिए ऊर्जा का काम करता है, तथा वे जिला और क्षेत्र का गौरव बढ़ाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ मैदान में उतरेंगे। इस अवसर पर श्यामलाल, इंद्रपाल, बसंत, सोहन स्वामी, लाल दास महंत, पूर्व सरपंच रमेश सहित अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
सभी ने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कोरिया की खेल प्रतिभा लगातार उभर रही है और ऐसे आयोजनों व सहयोग से आने वाली पीढिय़ों में खेल के प्रति जागरूकता और भागीदारी को मजबूती मिलती है। खिलाडिय़ों के रवाना होने के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।

RO No. 13467/10