कुख्यात अपराधी मैनेजर राय का एनकाउंटर, खगौल लख पर पुलिस मुठभेड़ में घायल

पटना। खगौल थाना क्षेत्र के लख पर के निकट शुक्रवार देर रात पुलिस और अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी गोली लगने से जख्मी हो गया। घायल अपराधी की पहचान मैनेजर राय, निवासी दीदारगंज के रूप में की गई है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया है। घटना अहले सुबह करीब तीन बजे की बताई जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार मैनेजर राय लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश पुलिस को थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह खगौल इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खगौल के लख पर के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से पुलिस ने अपराधी की स्कूटी, एक कट्टा और दो खोखा बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में कर लिया गया।

RO No. 13467/11