
गोपेश्वर(चमोली): ज्योतिर्मठ में शुक्रवार दोपहर सेना के कैंप के पास कूड़े के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय कैंप में करीब 100 जवान मौजूद थे, जिस कारण सतर्कता बढ़ा दी गई। सूचना मिलते ही सेना और आइटीबीपी की फायर सर्विस टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाने में दिक्कतें आ रही हैं, जिसके चलते आग लगातार फैलती जा रही है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर नियंत्रण पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जनहानि की सूचना नहीं है।






















