
कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा के आदर्श नगर कॉलोनी की सुरक्षा मजबूत होगी। कॉलोनी के प्रमुख चिन्हित स्थानों पर कैमरा लगाए जा रहे हैं। इससे असामाजिक गतिविधियों की निगरानी हो सकेगी। इसी कॉलोनी परिसर में ही डीएवी और केवी स्कूल कुसमुंडा भी संचालित है।
कॉलोनी के प्रमुख स्थानों पर कैमरा लगाने से 24 घंटे निगरानी हो सकेगी। एसईसीएल कुसमुंडा एरिया के आदर्श नगर व विकास नगर कॉलोनी में कर्मचारी परिवार समेत निवासरत हैं। पिछले साल कॉलोनी में रह रहे कर्मचारियों के घरों के आंगन में सुखाए जा रहे कपड़े की तो कभी घर के बाहर लगे बल्बों की चोरी की घटनाएं सामने आई। इससे कर्मचारियों को अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी थी। श्रमिक संगठनों की ओर से कॉलोनी की सुरक्षा के लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई, ताकि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान हो सके।
एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन अब विभागीय कॉलोनियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने सीसीटीवी कैमरा लगाने की पहल शुरू की है। आदर्श नगर कॉलोनी के चिन्हित प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। एसईसीएल कुसमुंडा में 3100 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें से अधिकांश आदर्श नगर व विकास नगर की कॉलोनी में रहकर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। भारतीय कोयला खदान मजदूर संघ कोरबा-कुसमुंडा के महामंत्री रंजय सिंह ने कहा कि कॉलोनी परिसर की सुरक्षा के लिए बीएमएस संगठन ने एसईसीएल कुसमुंडा एरिया प्रबंधन के समक्ष सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी। इसे अमल में लाया गया है।
























