
मनेन्द्रगढ़। अखिल भारत हिंदू महासभा ( हिंदू महासभा भवन, मंदिर मार्ग, नई दिल्ली 110001) ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को एक लिखित शिकायत सौंपकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में पदस्थ दो चिकित्सकों पर नैतिक आचरण एवं सरकारी सेवा नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए हैं। महासभा द्वारा 20 दिसंबर 2025 को जारी पत्र में आरोप लगाया गया है कि संबंधित चिकित्सकों द्वारा सरकारी सेवा में रहते हुए सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन किया गया है। पत्र में दावा किया गया है कि एक चिकित्सक द्वारा पूर्व पत्नी से विधिवत तलाक लिए बिना दूसरा विवाह किया गया, जो कि सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन बताया गया है। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त कृत्य से समाज में गलत संदेश जा रहा है तथा हिंदू समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। महासभा ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध तत्काल जांच कर निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिवस के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





























