
अकलतरा। अकलतरा क्षेत्र के ग्राम लटिया, पकरिया एवं कल्याणपुर को जोडऩे वाली एकमात्र मुख्य सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह सडक़ अकलतरा को फोरलेन से जोड़ती है और प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के अंतर्गत निर्मित है, जिस पर अधिकतम 12 टन तक के हल्के वाहनों के आवागमन का प्रावधान है। इसके बावजूद भारी वाहनों के निर्बाध आवागमन से सडक़ पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहीं विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। नाराज ग्रामीणों ने पूर्व में चक्काजाम की चेतावनी दी थी। चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए 20 दिनों के भीतर सडक़ मरम्मत का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया, लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।






























