ब्लॉक अध्यक्षों ने ली शपथ, कहा- संगठन को मजबूत करेंगे

कोरबा। कटघोरा में जिला कांग्रेस कमेटी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नव-नियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत और कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मंच पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश परसाई उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन की मजबूती, पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति पूर्ण निष्ठा तथा समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और जनता से जुड़े रहने पर निर्भर करती है। नव-नियुक्त पदाधिकारियों से उन्होंने अपेक्षा जताई कि वे नई ऊर्जा और उत्साह के साथ पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने संगठन में ऊर्जावान, कर्मठ और अनुभवी लोगों को जिम्मेदारी सौंपी है। यह निर्णय पार्टी को भविष्य की चुनौतियों के लिए मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सोनिया गांधी और राहुल गांधी के विचारों, नीतियों और संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ करें। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा, ताकि आम जनता की आवाज को प्रभावी रूप से उठाया जा सके। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट संदेश देखने को मिला। समारोह का समापन संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने के संकल्प के साथ किया गया।

RO No. 13467/10