
मालखरौदा। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक छपोरा के अधीनस्थ धान खरीदी केंद्र नावापारा में धान खरीदी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। शासन और प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए जिला कलेक्टर द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारी एवं जनपद पंचायत मालखरौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप तथा सह नोडल अधिकारी एवं जिला सक्ती के पटवारी विमलेश पटेल द्वारा लगातार निरीक्षण और निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खरीदी केंद्र में पहुंचे किसानों से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित किया कि धान विक्रेता वास्तविक किसान ही हैं। इसके साथ ही टोकन प्राप्त किसानों के घर जाकर मौके पर धान की उपलब्धता का सत्यापन भी किया जा रहा है। आवश्यक जांच और पुष्टि के बाद ही किसानों को धान तौल के लिए खरीदी केंद्र लाया जा रहा है। इस प्रक्रिया से धान खरीदी में पारदर्शिता बनी हुई है। प्रशासन की सख्ती और सतत निगरानी से किसानों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। अधिकांश किसान व्यवस्था से खुश नजर आ रहे हैं, वहीं धान खरीदी में सक्रिय रहने वाले बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है। वर्तमान में खरीदी केंद्र में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति सामने नहीं आई है। इस अवसर पर महेश जायसवाल, उपसरपंच प्रकाश खुंटे, धान खरीदी केंद्र प्रभारी बरसाती चंद्रा, बरदाना प्रभारी भागीरती यादव, फड़ प्रभारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

















