फर्जी डिग्री कांड में मध्य प्रदेश पहुंची राजस्थान पुलिस, भोपाल से सीहोर तक छापेमारी

भोपाल/जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरियों के लिए चल रहे फर्जी डिग्री और मार्कशीट के बड़े खेल को ध्वस्त करने के लिए राजस्थान पुलिस की स्पेशल आपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने भोपाल में बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी की टीम ने बुधवार को सीहोर से लेकर भोपाल के गांधीनगर, नर्मदापुरम और अरेरा कालोनी स्थित शिक्षण समूह और इसके चेयरमैन सुनील कपूर के ठिकानों पर दबिश दी। घंटों चली इस कार्रवाई से शिक्षण संस्थानों में हड़कंप मच गया।

राजस्थान एसओजी की पांच विशेष टीमें भारी पुलिस बल के साथ समूह से संबद्ध कालेज सत्यसांई, भोपाल के शिक्षण संस्थान, समूह के अधिकारी के निवास पर पहुंची। यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट बंद कर स्टाफ व छात्रों की आवाजाही पर रोक दी गई। परीक्षा सेल और प्रशासनिक ब्लॉक में उन महत्वपूर्ण और डिजिटल दस्तावेजों को खंगाले, जिनके जरिये फर्जी मार्कशीट और डिग्रियां जारी किए जाने का संदेह है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन के मुकेश तिवारी और अंकित जोशी ने इसे एक सामान्य प्रक्रिया बताया है। उनका कहना है कि राजस्थान से शिक्षा विभाग की टीम दस्तावेजों के वेरिफिकेशन के लिए आई है।

RO No. 13467/11