क्रूर पति और चाकूबाजी के आरोपी को दबोचा पुलिस ने

पंपहाउस क्षेत्र में हुई घटनाएं
कोरबा। सीएसईबी पुलिस ने आपराधिक तत्वों पर लगाम कसने के साथ कार्रवाई की। इसमें पत्नी पर क्रूरता करने वाले पति और आरामशीन पथर्रीपारा के दो युवकों पर चाकू चलाकर जख्मी करने वाले मनीष साहू व अन्य को गिरफ्तार किया गया है। आज उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी पुलिस कर रही है।
पुलिस ने रवि बरेठ पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। उसने अपनी पत्नी अंजली बरेठ पर पेट्रोल छिडक़कर आग लगा दी और उसकी जान लेने का प्रयास किया। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एसईसीएल की कालोनी में यह घटना शुक्रवार को पेश आई। पति के इस क्रूरतापूर्ण कदम से पत्नी की चीख आसपास में सुनाई दी। लोगों के हरकत में आने पर पति भाग खड़ा हुआ। बाद में अंजली बरेठ 23 वर्ष को किसी तरह बचाते हुए मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल भिजवाया गया। बर्न यूनिट में उसे भर्ती कराया गया जहां उपचार जारी है। खबर होने पर पुलिस की टीम बयान के लिए पहुंची। इस दौरान संबंधित चीजें सामने आई। बताया गया कि कई कारण से पति पीडि़ता पर संदेह करता है। उसने इसीलिए इस तरह का अप्रत्याशित कदम उठाया और पत्नी को जान से मारने की कोशिश की। घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी की तलाश पुलिस कर रही थी। एक सूचना पर पुलिस कर्मियों ने उसे धर दबोचा।
एक अन्य घटनाक्रम में आदतन बदमाश मनीष साहू उर्फ मोस्टर को भी सीएसईबी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कुछ सहयोगी भी इस मामले में पकड़े गए। यह घटना पंपहाउस कालोनी के मैदान में हुई। पुलिस चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि पथर्रीपारा का आलोक तिवारी अपने दोस्तों से मिलने के लिए इस इलाके में पहुंचा था। वे मैदान में खड़े होकर बात कर रहे थे तभी मनीष साहू यहां पहुंचा, उसने अनावश्यक विवाद किया। इस पर आपत्ति जताई गई तो उसने पास में रखे चाकू से आलोक की पीठ पर बुरी तरह से हमला कर दिया। उसका एक साथ उसे बचाने के लिए यहां पहुंचा तो उस पर भी हमला किया गय। गाली-गलौज करते हुए आरोपी यहां से भाग गया। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामले पर संज्ञान लिया। बताया गया कि आरोपियों की तलाश की जा रही थी। कुछ घंटे में उसकी खोज पूरी हुई। पुलिस का कहना है कि मनीष साहू की छवि आसपास में बदमाश के तौर पर है इसलिए अब उसके आपराधिक रिकार्ड का पता किया जा रहा है। इस आधार पर एक्शन लिया जाएगा।

RO No. 13467/10