माघी पूर्णिमा पर प्रयागराज संगम में लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, कल्पवासी आज से करेंगे घर वापसी

प्रयागराज। माघी पूर्णिमा पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग में संगम तट पर स्नानार्थियों, कल्पवासियों और संत महात्माओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मेला क्षेत्र में गंगा नदी के अन्य घाटों पर भी भोर से स्नान की शुरुआत हुई है। आस्था की डुबकी लगाने वालों ने गंगा मइया से मनोरथ पूर्ण होने की कामना की और उत्साह पूर्वक स्नान किया। संगम में डुबकी लगाने वालों की भीड़ सबसे ज्यादा उमड़ी। वाच टावर से पुलिस कर्मी, स्नानार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिये लगातार एनाउंस करते रहे, घाट पर अनावश्यक खड़े न रहने का निर्देश दिया जाता रहा, पुलिस और मेला प्रशासन के अधिकारियों ने संगम नोज पर रहकर माघी पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने की बागडोर संभाली।

माघ मेला क्षेत्र की शोभा कल्पवासियों, तीर्थयात्रियों, संत महात्माओं और अन्य श्रद्धालुओं से होती है। रविवार को इन सभी ने सनातन की ध्वजा अपना उत्साह दिखाकर फहराई। आधी रात से ही मेला क्षेत्र में लाखों लोगों का जमघट होने लगा। लगभग सभी रास्तों से जनसमूह संगम की ओर बढ़ने लगा। संगम मार्ग पर तो भीड़ लगातार बढ़ती ही रही। महिलाएं, बच्चे, वृद्ध, सभी संगम स्नान के लिये लालायित दिखे। जगह जगह पुलिस की बैरिकेडिंग रही, हालांकि स्नानार्थियों के लिये यहाँ कोई रुकावट नहीं रही। सीटियां बजाकर पुलिस कर्मी लोगों को संगम का रास्ता बताते रहे, हालांकि बैरिकेडिंग पर गाड़ियों को रोका गया।

RO No. 13467/10