
मुजफ्फरनगर। एक दिन पहले दोस्त के साथ महिला मित्र से मिलने पहुंचे प्रापर्टी डीलर की हत्या कर दी गई और शव को बोरी (कट्टे) में बंद करके नाले में फेंक दिया गया। उसके कान पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने उसके दोस्त को हिरासत में लिया है, जबकि महिला मित्र फरार हो गई। पुलिस ने महिला मित्र व अज्ञात के खिलाफ नई मंडी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर राजफाश को चार टीमें गठित की हैं। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरिनगर निवासी 30 वर्षीय संजीव कुमार उर्फ जीवन प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता था। शनिवार को वह अपने दोस्त दीपक निवासी गांव हरिनगर के साथ सरवट में किराए के मकान में रहने वाली महिला मित्र सोनिया से मिलने आया था। दोस्त दीपक को सरवट में शिव मंदिर के पास खड़ा कर दिया और खुद सोनिया से मिलने के लिए चला गया था। काफी देर तक संजीव बाहर नहीं आया, तो दीपक ने सोनिया के कमरे पर पहुंचा।सोनिया ने कहा कि संजीव तो बहुत देर पहले चला गया। इसके बाद दीपक भी वापस गांव में चला गया। रविवार को सुबह 10 बजे डायल 112 पुलिस ने थाने पर सूचना दी कि सरवट के निकट नाले में कट्टे में बंद अज्ञात शव मिला है। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि मृतक की पहचान संजीव के रूप में हुई है। उसके दोस्त दीपक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सोनिया मूल रूप से शाहपुर क्षेत्र के गांव हरसौली की रहने वाली है, उसकी शादी पांच साल पहले शामली में हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं और एक साल पहले ही पति की मौत हो गई थी। काफी दिनों से सोनिया सरवट में किराए के मकान में रहती है।30 जनवरी को ही हरसौली से अपने कमरे पर लौटी थी। उसका एक भाई भूरा हरिनगर में कोल्हू चलाता है। एक भाई प्रयागराज और दो भाई गांव में रहते हैं। वह चार बहनें है। माता-पिता नहीं है।फिलहाल सोनिया फरार है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। संजीव के पिता बलवीर की तरफ से नई मंडी कोतवाली पर सोनिया और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जांच की जा रही है।
संजीव के स्वजन ने बताया कि पांच साल पहले उसकी शादी गांव झबरपुर निवासी सोहनवीरी उर्फ सोनिया से हुई थी। उसकी पांच और तीन वर्ष दो बेटियां हैं। जबकि चार माह पहले ही बेटा भी जन्मा है। घर में पिता बलवीर खेती करते हैं। बड़ी बहन गीता की शादी हो गई।छोटा भाई प्रदीप आगरा में सिपाही है। जबकि दूसरा भाई मीनू और बहन मिंटो की पुलिस में नौकरी लगी है और उनकी बरेली में एक साथ ट्रेनिंग चल रही है। संजीव की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

















