
कोरिया बैकुंठपुर। राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 2026 के समापन अवसर पर आज बैकुंठपुर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का वितरण कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षित यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना, सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा लोगों को अपनी जिम्मेदारियों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण लापरवाही, तेज गति, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करना तथा यातायात नियमों की अनदेखी है। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का पालन करे, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। हेलमेट वितरण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण साधन है। वाहन चालकों से अपील की गई कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाएं तथा पैदल यात्रियों के अधिकारों का सम्मान करें। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि सडक़ सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। महापौर राम नरेश राय ने नगरवासियों से सुरक्षित और अनुशासित यातायात अपनाने का आग्रह किया। वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों से अपील की गई कि वे वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।




















