
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आइजीआई) एयरपोर्ट पर हवाई यातायात पूरी तरह चरमरा गया है। सोमवार सुबह से शाम छह बजे तक 220 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी दर्ज की गई है, जबकि रद होने वाली उड़ानों की संख्या 40 के पार पहुंच गई है।इसके अलावा, खराब दृश्यता के चलते 10 विमानों को जयपुर, अहमदाबाद और लखनऊ की ओर डायवर्ट करना पड़ा है। सोमवार सुबह दिल्ली में मौसम के सबसे कठिन हालात देखे गए। तड़के 4:00 बजे से सुबह 9:00 बजे के बीच रनवे पर विजिबिलिटी शून्य से 50 मीटर के बीच दर्ज की गई, जिसने परिचालन को पूरी तरह ठप कर दिया।
दोपहर 12:00 बजे के बाद धूप निकलने से दृश्यता में सुधार हुआ और यह बढ़कर 500 से 800 मीटर तक पहुंची, जिससे लैंडिंग प्रक्रिया में थोड़ी तेजी आई। हालांकि, सुबह के भारी बैकलॉग के कारण रनवे पर विमानों की लंबी कतार लग गई है, जिससे उड़ानों को प्रस्थान के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
































