पॉवर कंपनी के 25 साल पूरे होने पर नगर में कार्यक्रम, उपलब्धि पर फोकस

अकलतरा। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा नगर के कॉलेज रोड स्थित मिनीमाता मंगल भवन में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी रहीं। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राज्य के विद्युत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि सत्यलता मिरी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सौर ऊर्जा उत्पादकों को वित्तीय छूट एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली उत्पादन में लाभ के साथ-साथ कोयला और जल जैसे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी होता है। नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ति सारथी ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद विद्युत लाइनों का व्यापक विस्तार हुआ है। बिजली विभाग नई तकनीक का उपयोग कर उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों की 24 घंटे की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग सदैव उपभोक्ताओं के हित में कार्य करता है। कार्यपालन अभियंता राजेश कुमार चौहान ने कृषक जीवन ज्योति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत किसानों को विद्युत लाइन विस्तार एवं सब्सिडी प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें सिंचाई के लिए समय पर और पर्याप्त बिजली मिल सके। उन्होंने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले में पिछले 25 वर्षों में निम्न दबाव के उपभोक्ताओं की संख्या में 2 लाख 81 हजार की वृद्धि हुई है। इस अवधि में 69 नए 33/11 केवी उपकेन्द्र स्थापित किए गए, 14,208 नए विद्युत पंप कनेक्शन प्रदान किए गए तथा 6 उप संभाग और 12 वितरण केंद्रों का विस्तार किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना के लाभार्थी जितेंद्र सिंह, दिलेश साहू, नित्या जैन, चंदुर वैष्णव, सत्येंद्र जैन और अंशुल गुप्ता को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समय पर बिजली बिल का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं प्रेम कुमार धीरही, सूरजमल, शिव कुमार साहू और तेज प्रताप साहू को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

RO No. 13467/10