जिला प्रशासन की बड़ी पहल : सड़क सुरक्षा सुदृढ़ करने समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशजिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित

कोरबा।जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कार्ययोजना लागू की गई है। इसी क्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ एवं खनिज विभाग के अधिकारियों ने सड़क मार्गों की वर्तमान स्थिति एवं सुरक्षा सुधार कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में बैरा घाट, पोडीकला घाट, लैंगा स्कूल मार्ग, कुकरीचोली मार्ग, उरगा चौक, मड़वारानी ओवरब्रिज, जिला अस्पताल से गोढ़ी मार्ग, पुलिस लाइन से दीपका मार्ग, राताखर चौक एवं बजरंग चौक सहित जिले के अनेक संवेदनशील व अत्यधिक व्यस्त मार्गों की समीक्षा की गई। रिपोर्ट में सड़क चौड़ीकरण, मोड़ सुधार, क्रैश बैरियर स्थापना, रिफ्लेक्टर लगाने, संकेतक बोर्ड बढ़ाने सहित अन्य इंजीनियरिंग सुधार कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई।प्रभारी कलेक्टर ने बैरा घाट एवं पोडीकला घाट जैसे दुर्घटना-प्रवण क्षेत्रों में सड़क किनारों की सुरक्षा, ढाल सुधार, कटाव रोकथाम और मजबूती कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। लैंगा हायर सेकेंडरी स्कूल क्षेत्र में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल उपाय और मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
कुकरीचोली मार्ग, उरगा चौक एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर गड्ढों, जलभराव एवं टूट-फूट की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को त्वरित पैचवर्क, जल निकासी सुधार और नवीनीकरण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले राताखर चौक, बजरंग चौक एवं पुलिस लाइन क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर सख्ती बरतने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु जिले में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निबंध, क्विज और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को जिला कार्यालय में सम्मानित किया जा रहा है। आरटीओ द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हेलमेट रैलियों का आयोजन किया गया, जिसमें सीतामणी से सीएसईबी चौक तथा टी.पी. नगर से कोसाबाड़ी चौक तक रैली निकालकर नागरिकों को हेलमेट उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में बताया गया कि बस एवं ऑटो चालकों के लिए विशेष स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए गए हैं, जिसमें अब तक लगभग 180 चालकों का परीक्षण हो चुका है। एसईसीएल और एनटीपीसी जैसे संस्थानों में भारी वाहन चालकों का ऑन-साइट परीक्षण अनिवार्य किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को पुलिस विभाग द्वारा सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सुरक्षा कारणों से जिले के सभी पेट्रोल पंपों में न्यूनतम आठ सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रभारी कलेक्टर आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। जिला प्रशासन का लक्ष्य दुर्घटनाओं की संभावनाओं को न्यूनतम करना है। उन्होंने सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने, प्रत्येक संवेदनशील स्थल की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा लापरवाही पाए जाने पर उत्तरदायित्व तय करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा, पीडब्ल्यूडी ईई जी.आर. जांगड़े, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RO No. 13467/10