
पटना 4 फरवरी। बिहार के लाल और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को केंद्र सरकार ने दिल्ली में प्रतिष्ठित सरकारी आवास आवंटित किया है। यह आवास लुटियंस दिल्ली के बेहद सुरक्षित और वीआईपी इलाके में स्थित 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग पर है। यह बंगला पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो नेता शिबू सोरेन के नाम आवंटित था। सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन को पहले 9 सुनहरी बाग लेन का बंगला देने की पेशकश की गई थी, लेकिन वह उन्हें उपयुक्त नहीं लगा। इसके बाद केंद्र सरकार ने उन्हें टाइप-8 श्रेणी का 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला आवंटित किया, जिसे दिल्ली के सबसे हाई-प्रोफाइल सरकारी आवासों में गिना जाता है। डायरेक्टरेट ऑफ एस्टेट के नियमों के अनुसार, किसी राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष को, यदि वह केंद्रीय मंत्री या सांसद नहीं है, तो टाइप-8 श्रेणी का सरकारी आवास दिया जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत नितिन नवीन को यह बंगला आवंटित किया गया है। टाइप-8 सरकारी बंगला बेहद हाई ग्रेड माना जाता है।
इसमें 8 बड़े कमरे होते हैं, जिनमें 5 से 6 बेडरूम, विशाल ड्राइंग रूम, स्टडी रूम, मॉडर्न किचन और डाइनिंग एरिया शामिल हैं। इसके अलावा निजी गैराज, स्टोर रूम और स्टाफ क्वार्टर की अलग व्यवस्था भी रहती है।इस श्रेणी के बंगले आम सरकारी आवासों की तुलना में कहीं ज्यादा सुरक्षित होते हैं। पूरे परिसर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती 24 घंटे रहती है। मेहमानों और स्टाफ के लिए अलग प्रवेश और निकास की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली के पावर कॉरिडोर में बिहार के लाल को मिला यह आवास केवल एक सरकारी सुविधा नहीं, बल्कि बिहार की सियासी मौजूदगी और बढ़ते कद का संकेत भी माना जा रहा है। राष्ट्रीय राजनीति में नितिन नवीन की भूमिका और प्रभाव को यह आवंटन और मजबूती देता दिख रहा है।























