
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर में ऊधमपुर जिले के पहाड़ी व जंगली क्षेत्र में मंगलवार को एक बार फिर सुरक्षाबल और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों के घेरे में जैश-ए-मोहम्मद के दो से तीन आतंकी फंसे हुए हैं। इसमें से एक आतंकी के मारे जाने की भी सूचना है, लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। देर रात तक मुठभेड़ जारी थी। सुरक्षाबलों को जिला के रामनगर और बसंतगढ़ के बीच ऊपरी व दुर्गम क्षेत्र चिगला बलोता में आतंकियों की संदिग्ध हलचल की सूचना मिली। इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षाबला जब आगे बढ़ रहे थे तो शाम करीब चार बजे जगरेडा क्षेत्र के घने जंगल में छिपे आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबल ने भी इसका जवाब दिया और मुठभेड़ शुरू हो गई। इसके बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित करते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर बुला लिया गया। रात तक दोनों ओर से रुक-रुक कर गोली चलने की सूचना है। पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और पूरे आपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। इस बीच, सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए जा रहे इस संयुक्त अभियान को आपरेशन केया नाम दिया गया है। गौरतलब है कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के मद्देनजर पहले से ही ऊधमपुर जिले के पहाड़ी व जंगल क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे पहले जनवरी में कठुआ जिला में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था, जबकि किश्तवाड़ के जंगल में एक आपरेशन में सेना का एक जवान बलिदान हो गया था। पूरे प्रदेश में आतंकियों के खिलाफ इस समय करीब 100 आपरेशन चल रहे हैं।






















