
महानदी काम्प्लेक्स के कारोबारी परेशान
कोरबा। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र महानदी कॉम्प्लेक्स में दुकानों के सामने ठेले लगाए जाने को लेकर व्यवसायियों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि ठेलों की वजह से दुकानों में ग्राहकों का प्रवेश बाधित हो रहा है, वहीं सडक़ पर वाहन खड़े करने की मजबूरी भी बन रही है।
व्यवसायियों के अनुसार, दुकानों के सामने अनियंत्रित रूप से खड़े ठेले न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि आसपास गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी पैदा हो रही है। उनका आरोप है कि कई ठेला संचालक ग्राहकों और दुकानदारों से अभद्र व्यवहार करते हैं। कुछ मामलों में निर्धारित स्थान पर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने और स्क्रैच करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। व्यवसायियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। हालांकि, शिकायत के बाद कभी-कभार एक दिन के लिए ठेलों को हटाया जाता है, लेकिन अगले ही दिन वे पुन: उसी स्थान पर लग जाते हैं।
व्यवसायियों ने यह भी सवाल उठाया कि जब नगर निगम द्वारा ठेला संचालकों के लिए चौपाटी क्षेत्र में अलग से स्थान निर्धारित किया गया है, तो वहां ठेले क्यों नहीं लगवाए जा रहे। उनका आरोप है कि सफाई रैंकिंग सुधारने की बात तो की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होती। इस पूरे मामले में ठेला संचालकों की ओर से यह कहे जाने की बात सामने आई है कि उनके पास निगम की अनुमति है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल, व्यवसायियों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि व्यापार, यातायात और स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।























