
पटना 06 फरवरी। नीट की तैयारी कर रही छात्रा से जुड़े मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बयान पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास इस मामले से जुड़े कोई ठोस सबूत हैं तो उन्हें सामने लाया जाए, सरकार 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करेगी। राबड़ी देवी ने छात्रा के मामले को लेकर राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राबड़ी देवी के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। राबड़ी देवी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस सरकार को किसी से प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी तरह की लापरवाही या अपराध सामने आता है तो सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। राजनीति करने के बजाय विपक्ष को तथ्यों के साथ बात करनी चाहिए। सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार पीडि़त के साथ खड़ी है और जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से काम कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि किसी स्तर पर दोष साबित होता है तो 24 घंटे के भीतर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नीट छात्रा से जुड़ा मामला अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सियासी बहस का विषय बन गया है। विपक्ष जहां सरकार को घेरने में जुटा है, वहीं सरकार त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिला रही है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

























