
चरचा कॉलरी। महाजन स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय शेषन स्मृति गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के तहत खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों ने खेल प्रेमियों को बड़ी संख्या में आकर्षित किया है। प्रतिदिन दर्शकों की बढ़ती भीड़ के चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग बाइक व स्कूटी से स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
लेकिन इसी बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय होते नजर आ रहे हैं जिससे दर्शकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। 5 फरवरी गुरुवार को बैकुंठपुर घुटरा पारा निवासी राहुल यादव अपने मित्रों के साथ अपनी बाइक नंबर ष्टत्र .15 .ष्ठक्त .8053 (डीएच डीलक्स) बाइक से महाजन स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने मुख्य द्वार के समीप अन्य बाइकों के बीच अपनी बाइक खड़ी कर हैंडल लॉक किया और मैच देखने अंदर चले गए। मैच समाप्ति के बाद बाहर आने पर उनकी बाइक मौके से गायब मिली। अज्ञात चोरों द्वारा बाइक चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में राहुल यादव ने चर्चा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। यह स्पष्ट है कि प्रतियोगिता के दौरान असामाजिक तत्व सक्रिय हो चुके हैं और पुलिस प्रशासन को सीधे तौर पर चुनौती दे रहे हैं ,आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रतियोगिता अभी लगभग 10 दिनों तक और चलनी है, जिसमें भारी भीड़ जुटने की पूरी संभावना है।ऐसी स्थिति में पुलिस प्रशासन एवं आयोजन समिति की संयुक्त और विशेष सतर्कता बेहद आवश्यक है। स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ाने, पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने जैसे कदम उठाए जाने की जरूरत है। इस संबंध में चर्चा थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।वहीं, खेल प्रेमी दर्शकों से भी अपील है कि वे अपने वाहनों व कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन की गरिमा बनी रहे और रोमांच के साथ-साथ सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

























