शिव पार्वती मंगल प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु

आरएसएस नगर में शिव महापुराण कथा
कोरबा। कपिलेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित रुद्र महायज्ञ एवं शिव महापुराण कथा के अंतर्गत तीसरे दिन श्रद्धा और उल्लास से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और मनोहारी वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। इस पावन अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में भगवान शिव के गण, भूत-पिशाच, देवगण एवं विभिन्न पात्र आकर्षक वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली शिव बारात ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया। बारात के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या उमड़ पड़ी।कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से मातृशक्ति में भारी उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का आनंद लिया और धार्मिक आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई। कथा व आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ किया। इस धार्मिक आयोजन का सफल आयोजन आरएसएस नगर स्थित कपिलेश्वर महिला मंडल के द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के प्रमुख सुधा झा ने बताया कि आने वाले दिनों में कथा के अन्य प्रसंगों के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न होंगे, जिसमें क्षेत्रवासियों की सहभागिता अपेक्षित है।

RO No. 13467/10